कटनी मध्य प्रदेश
Katni today news -(28 अगस्त)- कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अवि प्रसाद की मौजूदगी में सोमवार को कार्यालय कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में आगामी विधानसभा निर्वाचन 2023 की पूर्व तैयारी के तहत राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में डिप्टी कलेक्टर प्रमोद चतुर्वेदी, राकेश चौरसिया सहित राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर राकेश बारी, मास्टर ट्रेनर राजेन्द्र असाटी भी मौजूद थे।
कलेक्टर श्री प्रसाद ने कहा कि सभी सेक्टर अधिकारी अपने क्षेत्र में सतत भ्रमण करते हुए मतदान केन्द्रों एवं निर्वाचन से संबंधित आवश्यक तैयारियां पूर्ण कराएं। उन्होंने नियुक्त किए गए सेक्टर अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मतदान केन्द्रों में 2 दरवाजे, बिजली कनेक्शन, पीने का पानी, साफ-सफाई तथा मतदाताओं के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित होना चाहिए। इसके साथ ही दिव्यांगजनों के लिए मतदान केन्द्रों में अनिवार्य रूप से रैम्प की व्यवस्था की जाए।
बैठक में मुख्य रूप से संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान, वहां पर किए जाने वाले प्रतिबंधात्मक कदमों तथा मतदाताओं को भय मुक्त कर अधिक से अधिक मतदान के लिए प्रेरित करने का वातावरण बनाने के संबंध में निर्देश दिए गए। बैठक में कलेक्टर श्री मिश्रा ने संवेदनशील केंद्रों की मैपिंग करने, मतदान केंद्रों पर मतदान को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों की पूर्व पहचान करने तथा उनके विरुद्ध दंडात्मक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राजस्व अधिकारी एवं सेक्टर पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर एक समन्वित रिपोर्ट तैयार करें। संपूर्ण कार्यवाही समन्वय से की जावे। बैठक के दौरान क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर वेब कास्टिंग तथा वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा विभिन्न परिपत्रों सहित निर्वाचन की मूलभूत जानकारियों की विस्तार से जानकारी दी। उपरोक्त बैठक में सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment